छत्तीसगढ़ राज्य अवैध उत्खनन रोकने गई टीम के मारपीट से 62 वर्षीय ग्रामीण की मौत; एसडीएम समेत चार गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ राज्य  अवैध उत्खनन रोकने गई टीम के मारपीट से 62 वर्षीय ग्रामीण की मौत; एसडीएम समेत चार गिरफ्तार

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कोरंधा थाना क्षेत्र में अवैध उत्खनन को लेकर हुए विवाद में एक 62 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। मामले में एसडीएम कुसमी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के मुताबिक 15 फरवरी 2026 की देर शाम सूचना मिली थी कि ग्राम हंसपुर के जंगल में तीन लोगों के साथ मारपीट हुई है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान राम उर्फ रामनरेश (62), निवासी ग्राम हंसपुर, थाना कोरंधा के रूप में हुई है।प्राथमिक जांच में सामने आया कि एसडीएम कुसमी करुण डहरिया अपने तीन साथियों के साथ अवैध बॉक्‍साइट उत्खनन की कार्रवाई के सिलसिले में जंगल क्षेत्र पहुंचे थे। वहां मौजूद ग्रामीणों पर अवैध उत्खनन का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की गई। इसी दौरान हुई झड़प में रामनरेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी बाद में मौत हो गई। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत धारा 103(1), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एसडीएम कुसमी करुण डहरिया, विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजीत कुमार यादव और सुजीत यादव शामिल हैं। चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।