देवर ने भाभी का गला रेतकर की हत्या, साली से शादी न होने पर रची खौफनाक साजिश
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी ही नवविवाहित भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी। वजह सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे।पुलिस के मुताबिक आरोपी दीपक अपनी साली से शादी करना चाहता था। रिश्ता भी तय हुआ था, लेकिन शादी से कुछ दिन पहले लड़की ने इनकार कर दिया। इसके बाद दीपक ने अपनी भाभी करिश्मा को ही इसका जिम्मेदार मान लिया। अंदर ही अंदर वह खुन्नस पालता रहा। एक नवंबर को सामूहिक विवाह समारोह में करिश्मा की शादी प्रमोद उर्फ कालू से हो गई। शादी के करीब साढ़े तीन महीने बाद रविवार सुबह आठ बजे दीपक भाभी के कमरे में पहुंचा। साली से शादी को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई। बात इतनी बढ़ी कि हाथापाई हो गई।जब करिश्मा ने पति से शिकायत करने की बात कही, तो दीपक ने ब्लेड से उनका गला रेत दिया। करिश्मा मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। इसके बाद आरोपी ने खुद के गले पर भी ब्लेड मारकर आत्महत्या की कोशिश की। चीख-पुकार सुनकर घर में मौजूद मां अंगूरी देवी कमरे में पहुंचीं। दोनों खून से लथपथ पड़े थे। परिजन तुरंत उन्हें नजदीकी सीएचसी लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने करिश्मा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में दीपक को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।यहां बता दें कि आरोपी की मां पर भी पुलिस ने साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना के बाद घटनास्थल को साफ करने की कोशिश की गई। बाद में फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरे गांव में इस वारदात के बाद सनसनी फैली हुई है। एकतरफा सोच और जुनून ने एक परिवार को उजाड़ दिया।