50 लाख का गांजा और इनोवा छोड़कर भागा था तस्कर, फास्टैग ने पहुंचाया पुलिस को आरोपी तक
बलरामपुर। छत्तीसगढ़-उत्तरप्रदेश सीमा के नजदीक गांजा तस्करी के बड़े मामले में बसंतपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। करीब 70 किलो गांजा लदी लावारिस इनोवा कार के मामले में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और फास्टैग के विश्लेषण के आधार पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में उड़ीसा के सुंदरगढ़ से गांजा लोड कर उत्तरप्रदेश ले जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को थाना बसंतपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम फुलीडुमर से महुवारी जाने वाले रास्ते के किनारे काफी समय से एक इनोवा कार लावारिस हालत में खड़ी है। सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस टीम और गवाहों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां महाराष्ट्र पासिंग इनोवा वाहन क्रमांक MH 04 DY 9471 खड़ा मिला। वाहन लॉक होने के कारण मैकेनिक की मदद से गवाहों के सामने उसका गेट खुलवाया गया और तलाशी ली गई।
डिक्की में मिले गांजे के 34 पैकेट
वाहन की तलाशी के दौरान डिक्की में भूरे रंग के टेप से लिपटे 18 पैकेट और एक हरे रंग की प्लास्टिक बोरी मिली। बोरी खोलने पर उसमें भूरे रंग के टेप से लिपटे 16 पैकेट और बरामद हुए। कुल 34 पैकेटों की जांच और तौल कराने पर उनमें 70 किलो 390 ग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने बरामद गांजे की कीमत करीब 35 लाख 19 हजार 500 रुपये आंकी। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की गई इनोवा कार, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई, को भी जब्त किया गया। इस प्रकार जब्त गांजे और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 लाख 19 हजार 500 रुपये है।
फास्टैग से खुला वाहन मालिक का सुराग
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने जब्त इनोवा वाहन के फास्टैग और अन्य तकनीकी जानकारियों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर पुलिस आरोपी अशोक कुमार यादव (43 वर्ष) तक पहुंची। आरोपी का संबंध महाराष्ट्र के पालघर और उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर जिले से बताया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने घटना में इस्तेमाल इनोवा कार मुंबई के एक व्यक्ति से खरीदी थी, लेकिन वाहन अपने नाम पर ट्रांसफर नहीं कराया था। वर्ष 2020-21 में कोरोना के दौरान दुकान बंद होने के बाद वह दुकान का सामान बेचकर अपने गांव जलालपुर माफी, जिला मिर्जापुर लौट आया था। इसके बाद वह ड्राइविंग का काम करने लगा।
उड़ीसा से गांजा लेकर जा रहा था उत्तरप्रदेश
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि जुलाई 2026 में वह अपने अन्य साथियों के साथ उड़ीसा के सुंदरगढ़ पहुंचा था। वहां इनोवा वाहन में गांजा भरकर 22 सितंबर को छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तरप्रदेश जा रहा था। इसी दौरान वाड्रफनगर के आसपास एक ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण आगे चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे उसकी इनोवा कार पीछे से कार से टकरा गई। आरोपी ने बताया कि हादसे के बाद वह घबराकर वाहन तेज गति से भगाने लगा। छत्तीसगढ़ और उत्तरप्रदेश की सीमा पर पुलिस की मौजूदगी की आशंका होने पर उसने इनोवा को मुख्य सड़क से हटाकर कच्चे रास्ते में खड़ा कर दिया और अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। मामले में अन्य साथियों की भूमिका और गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में विवेचना जारी है।