लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दुर्ग के कारोबारी से 15 करोड़ की फिरौती, परिवार को हत्या की धमकी

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दुर्ग के कारोबारी से 15 करोड़ की फिरौती, परिवार को हत्या की धमकी

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 15 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात मोबाइल नंबर से एक कारोबारी को फोन कर भारी-भरकम रकम की मांग की गई। रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य की हत्या करने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद कारोबारी परिवार में दहशत का माहौल है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, मेडिकल उपकरणों के सप्लायर, मोक्षित कॉर्पोरेशन के संचालक एवं दवा कारोबारी शशांक चोपड़ा को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए 15 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। साथ ही धमकी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो परिवार के किसी सदस्य को जान से मार दिया जाएगा।

धमकी के बाद परिवार में दहशत, घर के बाहर पुलिस का पहरा

अचानक मिली इस धमकी से कारोबारी और उनका परिवार सकते में आ गया। कारोबारी ने तत्काल दुर्ग कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कारोबारी और उनके परिजनों की सुरक्षा बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों से कारोबारी के घर के बाहर पुलिस बल तैनात है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों की जांच

दुर्ग के एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान के लिए पुलिस की टीम जुटी हुई है। जिस मोबाइल नंबर से फोन आया था, उसकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि धमकी देने वाले का वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध है या फिर गिरोह के नाम का इस्तेमाल कर कारोबारी को डराने और फिरौती वसूलने की कोशिश की गई है।

कारोबारी वर्ग में चिंता, पुलिस अलर्ट

इस घटना के सामने आने के बाद दुर्ग के कारोबारी वर्ग में भी चिंता बढ़ गई है। 15 करोड़ रुपये की फिरौती और परिवार की हत्या की धमकी को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।