किसानों को 3358 रुपये प्रति क्विंटल धान का मूल्य एवं 150 रुपये बकाया राशि दे सरकार – आम आदमी पार्टी

किसानों को 3358 रुपये प्रति क्विंटल धान का मूल्य एवं 150 रुपये बकाया राशि दे सरकार – आम आदमी पार्टी

महासमुंद। 15 नवंबर से प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है, लेकिन अब तक अनेक किसानों का पंजीयन, गिरदावरी एवं रकबा संशोधन का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। डिजिटल सर्वेक्षण, सर्वर और नेटवर्क की समस्याओं के कारण किसान परेशान हैं। सरकार की अव्यवस्थाओं का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्द्र चन्द्राकर और प्रदेश सचिव संजय यादव के नेतृत्व में छ ग सरकार के कृषि मंत्री के नाम अपर कलेक्टर रवि साहू के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर किसानों के हित में चार प्रमुख मांगें रखी हैं।
पार्टी की प्रमुख मांगें हैं—
3358 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी: केंद्र सरकार द्वारा MSP में पिछले तीन वर्षों में हुई कुल 258 रुपये की वृद्धि की गई है जिसे राज्य सरकार किसानों को नही दे रही है हमारी मांग है इस वर्ष इसे जोड़कर किसानों को कुल 3358 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान किया जाए।
150 रुपये प्रति क्विंटल बकाया भुगतान: राजीव गांधी किसान न्याय योजना की लंबित कांग्रेस सरकार के समय बोनस का अंतिम किस्त का भुगतान किसानों को तत्काल दिया जाए।
गिरदावरी एवं रकबा संशोधन में पारदर्शिता: किसान की स्पष्ट सहमति के बिना उसके रकबे में कोई बदलाव नहीं किया जाए। तकनीकी त्रुटियों के कारण किसी किसान को परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
बायोमेट्रिक अनिवार्यता समाप्त हो: सर्वर, नेटवर्क और बुजुर्ग किसानों के फिंगरप्रिंट की समस्याओं को देखते हुए अंगूठा निशान की अनिवार्यता समाप्त कर पुरानी व्यवस्था बहाल की जाए।
आम आदमी पार्टी ने कहा कि किसानों को धान बेचने के लिए सरकारी दफ्तरों और तकनीकी प्रक्रियाओं के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। सरकार को किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करना चाहिए।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई और किसानों को उनका उचित मूल्य एवं बकाया राशि नहीं मिली, तो आम आदमी पार्टी किसानों के समर्थन में पूरे प्रदेश में धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन करेगी।
 आज ज्ञापन सौंपने वालो में आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्द्र चन्द्राकर, प्रदेश सचिव संजय यादव,जिला मीडिया प्रभारी अज़ीम खान, ब्लॉक अध्यक्ष पुनाराम निषाद, मुकेश कुर्रे,राजेश यादव,राजेश तिवारी,भोलाराम निषाद,नंद कुमार निषाद आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।