खराब परीक्षा परिणाम पर सीईओ सख्त, शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश

खराब परीक्षा परिणाम पर सीईओ सख्त, शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश

जशपुरनगर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार ने जिले के शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के शैक्षणिक प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए खराब परीक्षा परिणाम पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने पत्थलगांव विकासखंड के हायर सेकेंडरी स्कूल फरसा टोली के व्याख्याता को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही खराब परीक्षा परिणाम देने वाले विषय शिक्षकों को इसी माह समीक्षा बैठक में बुलाकर परिणाम की स्थिति पर चर्चा करने के निर्देश दिए। 

जिला पंचायत सभाकक्ष में यशस्वी जशपुर कार्यक्रम के तहत आयोजित बैठक में सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी बीईओ, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी एबीईओ तथा जिले के समस्त शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे। बैठक में तिमाही परीक्षा परिणाम, विद्यार्थियों की औसत उपस्थिति, एमबीयू और अपार आईडी की प्रगति की समीक्षा की गई। सीईओ अभिषेक कुमार ने शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए ठोस प्रयास करने तथा विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी बीईओ और प्राचार्यों को लंबे समय से अनुपस्थित एवं निलंबित कर्मचारियों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन, विद्यार्थियों की उपस्थिति और परीक्षा परिणामों में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

विभागीय कार्यों की भी हुई समीक्षा

जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा ने स्वामी विवेकानंद विद्यालयों, गौ विज्ञान परीक्षा, सीएम हेल्पलाइन, वीएसके ऐप में शून्य उपस्थिति दर्ज होने की स्थिति, जाति प्रमाण पत्र शिविर और स्मार्ट क्लास की जानकारी दी। यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता ने शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। बैठक में शिक्षक-पालक बैठक के आयोजन, विद्यालयों में कराए जा रहे प्रायोगिक कार्यों तथा शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम प्राप्त करने के उद्देश्य से आवश्यक शैक्षणिक गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। बैठक में  बीईओ, एबीईओ, बीआरसीसी और विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।