" भक्ति और उल्लास से सजी रोटरी क्लब ऑफ रायपुर की माता रानी भजन संध्या"
रोटरी क्लब ऑफ रायपुर द्वारा नवरात्रि के पावन अवसर पर 16 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को जल विहार कॉलोनी स्थित रोटरी क्लब परिसर में माता रानी की भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने माता रानी के भजनों का आनंद लेते हुए भक्तिमय वातावरण में अपनी सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का प्रारंभ भगवान गणेश के भजन से हुआ, जिसे श्रीमती किरण शर्मा और श्रीमती पृथ्वीपाल भटनागर ने प्रस्तुत किया। इसके बाद श्रीमती पृथ्वीपाल भटनागर ने ‘शक्ति को हमारा नमन’ भजन प्रस्तुत किया। रोटेरियन योगेश अग्रवाल ने ‘मैया देने वाली है, आज खाली हाथ नहीं जाना है’ भजन प्रस्तुत कर भक्तिमय वातावरण को और अधिक भावपूर्ण बना दिया।

इसके पश्चात रोटेरियन इंदिरा मिश्र ने ‘वृंदावन का कृष्ण कन्हैया, सबकी आँख का तारा’ तथा ‘पायो जी मैंने राम रतन धन पायो’ भजन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अगले क्रम में रोटरी क्लब ऑफ रायपुर की अध्यक्ष डॉ. प्रीता लाल ने ‘तेरे नाम का करम है सारा’" भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। सभी प्रस्तुतियों को उपस्थित सदस्यों ने सराहा और तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि श्रीमती किरण शर्मा ने गायन के साथ-साथ तबले पर भी शानदार संगत प्रदान की, जिससे भजनों की प्रस्तुतियों में विशेष मधुरता और लय का समावेश हुआ। भक्ति संगीत से सजी इस संध्या ने सभी उपस्थितजनों को आनंद, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कराया।

इस आयोजन का उद्देश्य सदस्यों के बीच आपसी सौहार्द, सांस्कृतिक जुड़ाव और आध्यात्मिक भावना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम का समापन ‘आदि शक्ति जय भवानी’ के जयकारों और माता रानी की आरती के साथ हुआ।कार्यक्रम में राउरकेला से पधारी रो अंजना मोइत्रा और रश्मि विशेष रूप से उपस्थित रहे।क्लब के पी डी जी सुभाष साहू, पूर्व अध्यक्ष रो नमोचन्द मोर्यनी,भरत डागा,रो योगेश अग्रवाल,इंदिरा मिश्र,पृथ्वीपाल भटनागर,निपेश प्रजापति आदि उपस्थित रहे।