रायगढ़ में धान खरीदी से पहले बड़ा एक्शन! 4 कर्मचारी बर्खास्त, 3 सस्पेंड; 12 का तबादला
रायगढ़ जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी से पहले प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। किसानों से जबरन वसूली, दुर्व्यवहार, मनमाने तरीके से टोकन काटने और ड्यूटी से बिना सूचना अनुपस्थित रहने जैसी शिकायतों के मामले में 4 कर्मचारियों को बर्खास्त, 3 को निलंबित और 12 कर्मचारियों का तबादला किया गया है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के अनुमोदन के बाद उप आयुक्त, सहकारिता ने यह कार्रवाई की है।
पिछले साल की शिकायतों पर हुई कार्रवाई
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी के दौरान कुछ कर्मचारियों के खिलाफ किसानों को परेशान करने, जबरन वसूली, मनमाने ढंग से टोकन काटने, दुर्व्यवहार और बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने की शिकायतें मिली थीं।
इन कर्मचारियों को 14 अगस्त 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद 3 सितंबर को स्मरण पत्र भी भेजा गया। संबंधित कर्मचारियों द्वारा जवाब नहीं देने या जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर प्रशासन ने इसे पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर चूक मानते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की।
लैलूंगा के 4 कर्मचारी बर्खास्त, 3 निलंबित
प्रशासन ने लैलूंगा विकासखंड की आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों में कार्यरत चार कर्मचारियों को पद से बर्खास्त कर दिया है।
बर्खास्त किए गए कर्मचारियों में शामिल हैं:
लालकुमार सिदार — डाटा एंट्री ऑपरेटर, केशला समिति
टिकेश्वर पटेल — लिपिक, लिबरा समिति
हेमसागर मालाकार — डाटा एंट्री ऑपरेटर, कोड़ासिया समिति
विष्णु प्रधान — डाटा एंट्री ऑपरेटर, लारीपानी समिति
वहीं, तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। इनमें लिबरा समिति के डाटा एंट्री ऑपरेटर लुकेश्वर यादव, लैलूंगा समिति के डाटा एंट्री ऑपरेटर अवधेश पैंकरा और लारीपानी समिति के सहायक लिपिक पिताम्बर बैरागी शामिल हैं।
धान खरीदी की व्यवस्था सुधारने 12 कर्मचारियों का तबादला
13 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के तहत 12 कर्मचारियों को आगामी आदेश तक नए पदस्थापना स्थल पर भेजा गया है।
रायगढ़ विकासखंड में तबादले:
उज्ज्वल प्रसाद पटेल — भातपुर से कांटाहरदी
राजेश कुमार पटेल — कांटाहरदी से कछार
कौशल प्रसाद साहू — कछार से भातपुर
खरसिया विकासखंड में तबादले:
कैलाश पटेल — चपले से बरगढ़
रामखिलावन राठौर — खरसिया से जैमुरा
मनोज राठौर — हालाहुली से तुरेकेला
संतोष राठौर — हालाहुली से बानीपाथर
संजय पाण्डे — बानीपाथर से हालाहुली
डंकेश्वर डनसेना (मानू) — जैमुरा से हालाहुली
जनक पटेल — बानीपाथर से चपले
गेंदलाल श्रीवास — चपले से बानीपाथर
लैलूंगा विकासखंड में तबादला:
त्रिलोचन बेहरा — कोड़ासिया से लैलूंगा
धान खरीदी के दौरान एस्मा भी लागू था
प्रशासन के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक धान खरीदी कार्य में संलग्न कर्मचारियों पर छत्तीसगढ़ अत्यावश्यक सेवा संधारण एवं विच्छिन्नता निवारण अधिनियम, 1979 (एस्मा) लागू किया गया था। इसे छत्तीसगढ़ राजपत्र (असाधारण) क्रमांक 868, दिनांक 14 नवंबर 2025 के माध्यम से लागू किया गया था।
किसानों से दुर्व्यवहार और अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी धान खरीदी के दौरान किसानों से दुर्व्यवहार, अवैध वसूली और काम में लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धान उपार्जन प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।