DPI का सख्त फरमान: VSK ऐप से दर्ज होगी उपस्थिति, लापरवाही पर कार्रवाई तय
लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने प्रदेशभर के शिक्षकों और शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। डीपीआई ने सभी संभागीय संयुक्त संचालकों, जिला शिक्षा अधिकारियों और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखकर कहा है कि 16 जून से सभी शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से ऑनलाइन दर्ज की जाए। स्पष्ट किया गया है कि ऑनलाइन अटेंडेंस नहीं होने की स्थिति में जून माह का वेतन भुगतान नहीं किया जाएगा।
डीपीआई के अनुसार, स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) ऐप के माध्यम से दर्ज की जाएगी, जबकि संभाग, जिला, विकासखंड कार्यालयों, डाइट, बीटीआई और शासकीय शिक्षा महाविद्यालयों में आधार-सक्षम बायोमेट्रिक प्रणाली लागू रहेगी।
विभाग ने जताई नाराजगी
डीपीआई ने पत्र में कहा है कि पहले भी सभी कर्मचारियों के सेवा विवरण को सेवा पुस्तिका से मिलान कर पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक कई संस्थानों ने जानकारी अद्यतन नहीं की है। विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल सभी कर्मचारियों का डाटा अपडेट करने के निर्देश दिए हैं।
नोडल अधिकारियों की जानकारी भी अधूरी
आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के संचालन के लिए संभाग, जिला और विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों की जानकारी मांगी गई थी। विभाग का कहना है कि कई कार्यालयों से जानकारी अब तक प्राप्त नहीं हुई है या फिर त्रुटिपूर्ण जानकारी भेजी गई है। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारियों को नोडल अधिकारियों का विवरण तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
वेतन से जुड़ी चेतावनी
डीपीआई ने साफ शब्दों में कहा है कि विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी VSK ऐप तथा बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराना सुनिश्चित करें। ऑनलाइन उपस्थिति के अभाव में जून माह का वेतन जारी नहीं किया जाएगा। साथ ही लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।