धमतरी में ACB का बड़ा एक्शन: सिंचाई विभाग का कर्मचारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने धमतरी में बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग के एक कर्मचारी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है और कर्मचारियों के बीच चर्चा का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान लखेश्वर साहू के रूप में हुई है। आरोपी पर आरोप है कि उसने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों का निराकरण करने और भुगतान प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर आरोपी के पास पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने रकम स्वीकार की, एसीबी की टीम ने उसके निजी निवास पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े दस्तावेजों के साथ अन्य संभावित लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई के बाद सिंचाई विभाग में खलबली मच गई है। एसीबी अब यह भी जांच कर रही है कि विभागीय कार्यों के नाम पर कहीं रिश्वतखोरी का कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था। जांच के आधार पर आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।