राहुल गांधी के बयान पर भाजपा नेता योगेश योगी वर्मा ने जताई कड़ी आपत्ति
पलारी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के लिए “गद्दार” जैसे शब्दों का प्रयोग किए जाने पर भाजपा जिला सोशल मीडिया सह प्रभारी योगेश योगी वर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बयान की कड़ी निंदा की है।
योगेश योगी वर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार अपनी राजनीतिक जमीन खोने के कारण हताशा और निराशा में इस प्रकार की अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री संवैधानिक पदों पर आसीन हैं और उनके लिए अपमानजनक शब्दों का उपयोग करना न केवल राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है, बल्कि देश की लोकतांत्रिक परंपराओं का भी अपमान है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में पहचान बना रहा है। वहीं गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश की आंतरिक सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता को मजबूती मिली है। ऐसे में कांग्रेस नेताओं द्वारा राष्ट्र के नेतृत्व को बदनाम करने का प्रयास पूरी तरह दुर्भाग्यपूर्ण है।
योगेश योगी वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा सकारात्मक राजनीति, विकास और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ कार्य करती है, जबकि कांग्रेस जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए केवल बयानबाजी और भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है और ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयानों को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इस बयान पर देशवासियों से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध और आलोचना का अधिकार सभी को है, लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर देश के सर्वोच्च नेतृत्व के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना अत्यंत निंदनीय है।
भाजपा जिला सोशल मीडिया सह प्रभारी योगेश योगी वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा कांग्रेस की इस प्रकार की ओछी राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।