शराब दुकान में ओवररेटिंग का आरोप, विरोध करने पर ग्राहक से मारपीट

शराब दुकान में ओवररेटिंग का आरोप, विरोध करने पर ग्राहक से मारपीट

 हथबंद थाना क्षेत्र स्थित शासकीय शराब दुकानों में ओवररेटिंग और ग्राहकों से दुर्व्यवहार के मामले सामने आए हैं। ताजा घटना हथबंद की कंपोजिट शराब दुकान की है, जहां निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने का विरोध करने पर एक ग्राहक के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई।

जानकारी के मुताबिक, एक स्थानीय ग्राहक शराब खरीदने दुकान पहुंचा था। अंग्रेजी शराब (गोवा ब्रांड) की कीमत प्रति पाव 120 रुपए तय है, लेकिन कर्मचारियों द्वारा 130 रुपए लिए जा रहे थे। जब ग्राहक ने अतिरिक्त वसूली का विरोध करते हुए वीडियो बनाना शुरू किया, तो दुकान के सेल्समैन और अन्य कर्मचारियों ने आक्रामक होकर उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि ग्राहक को डंडे से पीटा गया, जिससे उसके सिर पर चोट आई और खून बहने लगा।

हालांकि पीड़ित ने इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे मामला चर्चा में आ गया है। उधर, आबकारी विभाग का कहना है कि शराब की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। ऐसे में अतिरिक्त वसूली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं और कर्मचारियों की भूमिका पर संदेह जताया जा रहा है।