ऑनलाइन गेमिंग पर रोक से नाराज 3 नाबालिग बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर दी जान
नई दिल्ली। गाजियाबाद के टीलामोड़ थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार की तीन नाबालिग बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि ऑनलाइन गेमिंग खेलने को लेकर माता-पिता की आपत्ति के बाद तीनों बहनें तनाव में थीं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार में मातम पसर गया।जानकारी के अनुसार, मृतक बहनों की उम्र 16 साल, 14 साल और 12 साल बताई जा रही है। तीनों बहनें पिछले कुछ महीनों से ऑनलाइन गेमिंग की आदी हो चुकी थीं। बताया गया है कि कोरोना महामारी के बाद से तीनों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई और स्कूल रेगुलर नहीं था। घटना मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। उस वक्त पिता चेतन कुमार और उनकी पत्नी दूसरे कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान तीनों बहनों ने अपने कमरे की खिड़की से छलांग लगा दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि चेतन कुमार ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम करते हैं और पिछले तीन साल से भारत सिटी सोसायटी में किराये पर रह रहे थे। परिवार मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस ने तीनों बच्चियों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था और बच्चियों ने यह कदम क्यों उठाया। फिलहाल पुलिस जांच जारी है।