फसल बर्बाद करने खतरनाक जैविक रोगाणु तस्करी के आरोप में चीनी महिला गिरफ्तार

वॉशिंगटन। फसल बर्बाद करने और कृषि आतंकवाद फैलाने के लिए खतरनाक जैविक रोगाणु तस्करी का मामला अमेरिका में सामने आया है। चीन के एक प्रेमी युगल शोधकर्ताओं पर अमेरिका ने इस रोगाणु की तस्करी का आरोप लगाया है। साथ ही महिला को गिरफ्तार कर लिया है। एफबीआई के निदेशक काश पटेल ने इसे गंभीर चेतावनी बताते हुए चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की अमेरिकी संस्थानों में घुसपैठ और खाद्य आपूर्ति को प्रभावित करने के लिए शोधकर्ताओं के रूप में अपने लोगों को तैनात करने की बात कही है। फबीआई अधिकारियों ने बताया कि जुलाई 2024 में चीनी युवक जुनयोंग लियू अपने बैग में एक जहरीला कवक लेकर अमेरिका में दाखिल हुआ था। डेट्रॉयट हवाई अड्डे पर उसके बैग से लाल पौधे बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि वह मिशिगन विवि की प्रयोगशाला में काम करने वाली अपनी प्रेमिका युनकिंग जियान को यह पौधे सौंपना चाहता था। उसने पहले भी अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर शोध करने के लिए खतरनाक जैविक रोगाणु की तस्करी की है। इसके बाद युवक लियू को हवाई अड्डे से वापस चीन भेज दिया गया। जांच में सामने आया कि रोगाणु को फ्यूजेरियम ग्रैमिनीरम के नाम से जाना जाता है। यह जो गेहूं, जौ, मक्का और चावल की फसल को बर्बाद करके पशुओं और लोगों को बीमार कर सकता है। साथ ही अमेरिका को हर साल अरबों डॉलर का नुकसान पहुंचा सकता है।