दुर्ग में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, तीन थाना क्षेत्रों में छापेमारी, 5.366 किलो गांजा जब्त
दुर्ग। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने एक ही दिन में तीन थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है। नेवई, मोहन नगर और पद्मनाभपुर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 5.366 किलोग्राम गांजा जब्त किया है।
कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अपचारी बालकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,990 रुपये नकद, मोबाइल फोन, धारदार हथियार और अन्य सामग्री भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर तीनों थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
नेवई में घर के आंगन से मिला गांजा
थाना नेवई पुलिस ने मौहारी मरोदा स्थित हमर क्लीनिक के पास रहने वाले गोपी राव उर्फ विक्की (36 वर्ष) के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.322 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है।
सब्जी मंडी में गांजा बिक्री करते युवक पकड़ाया
दूसरी कार्रवाई थाना मोहन नगर क्षेत्र के धमधा रोड सब्जी मंडी में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्रीन चौक निवासी राहुल गाड़ा युवकों को गांजा बेच रहा है। पुलिस की दबिश के दौरान राहुल मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने धनेश्वर मानिकपुरी (19 वर्ष) और दो अपचारी बालकों को पकड़ लिया। इनके कब्जे से 2.028 किलोग्राम गांजा, 2,690 रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किया गया। फरार राहुल गाड़ा की तलाश जारी है।
स्टोर रूम में छिपाकर रखा था गांजा
तीसरी कार्रवाई पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के मानसरोवर कॉलोनी में हुई। हनोदा पेट्रोल पंप के पीछे एक मकान के स्टोर रूम में गांजा छिपाकर बिक्री किए जाने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। यहां से चैतन्य बाघ उर्फ शिवम (19 वर्ष) और हरिश मुगरी (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 2.016 किलोग्राम गांजा, 1,300 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक बटनदार धारदार हथियार सहित अन्य सामग्री जब्त की।
तीनों कार्रवाई में 5.366 किलो गांजा जब्त
दुर्ग पुलिस के अनुसार, तीनों थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई में कुल 5.366 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। इसके साथ 3,990 रुपये नकद, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। चार वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अपचारी बालकों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।