प्रेम संबंध में शादी के दबाव पर महिला की गला दबाकर हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग जिले के थाना नंदिनी नगर पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। घटना में महिला की हत्या उसके प्रेमी द्वारा शादी के दबाव के चलते की गई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।घटना का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थिया ममता जंघेल, निवासी टाउनशिप मार्केट, नंदिनी, ने 13 जुलाई 2025 को थाना नंदिनी नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कुंवरिया बाई उर्फ चिंया (45 वर्ष), निवासी ग्राम हरदी (हाल निवासी नंदिनी टाउनशिप), 12 जुलाई की रात 9 बजे से 13 जुलाई की सुबह 8:30 बजे के बीच संदिग्ध अवस्था में मृत पाई गई। सूचना के आधार पर थाने में मर्ग क्रमांक दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि मृतिका के दीपक कुमार तोड़से, निवासी अहिवारा, के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध थे। मृतिका दीपक पर लगातार शादी का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर 12 जुलाई की रात करीब 9 बजे दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद दीपक ने गुस्से में आकर कुंवरिया बाई की गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
थाना नंदिनी नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 159/25 धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज, त्रिनयन ऐप, साइबर तकनीक और टॉवर डंप विश्लेषण का सहारा लिया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दीपक कुमार तोड़से (42 वर्ष) को रायपुर रोड, अहिवारा से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने महिला की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।
गिरफ्तार आरोपी-
दीपक कुमार तोडसे उम्र 42 साल रायपुर रोड अहिवारा, नंदिनी नगर