अस्पताल जा रही गर्भवती महिला की कार रोकी, फाइनेंस कंपनी के 3 कर्मचारियों पर केस दर्ज
बिलासपुर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों की दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि कर्मचारियों ने अस्पताल जा रही एक गर्भवती महिला की कार को कलेक्ट्रेट और एसएसपी कार्यालय के सामने रोक लिया और बकाया किश्त जमा करने का दबाव बनाया। मामले में पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के तीन कर्मचारियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, महिला अपनी कार से अस्पताल जा रही थी। इसी दौरान फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने वाहन रोक लिया और किश्त जमा नहीं होने की बात कहते हुए कार को क्रेन से उठाकर ले जाने का प्रयास किया।महिला ने आरोप लगाया कि किश्त जमा होने के बाद भी कर्मचारियों ने उससे अतिरिक्त राशि की मांग की।
घटना के दौरान महिला ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के बाद गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर फाइनेंस कंपनी के तीन कर्मचारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।