रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा पर फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी, युवक के खिलाफ FIR दर्ज
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने एक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रायपुर नगर निगम के पार्षद महेश कुमार ध्रुव ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 10 जुलाई को "ललित टांडी ललित" नाम के फेसबुक अकाउंट से विधायक पुरंदर मिश्रा के संबंध में अपमानजनक और अभद्र टिप्पणी की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस पोस्ट के जरिए विधायक की प्रतिष्ठा और सामाजिक छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 353(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सोशल मीडिया पोस्ट की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।