विधानसभा मानसून सत्र की तैयारी तेज, बीजेपी ने बुलाई विधायक दल की बैठक
विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार 7 जुलाई शाम 7 बजे नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भाजपा विधायक दल की अहम बैठक बुलाई है। विधायक दल के सचिव ने सभी भाजपा विधायकों को बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए हैं।
सरकार के अहम एजेंडे पर होगा मंथन
बैठक में 13 जुलाई से शुरु होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर सरकार की रणनीति तैयार की जाएगी। विपक्ष के संभावित सवालों, सदन में पेश होने वाले मुद्दों और सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी मंथन किया जाएगा।
13 से 17 जुलाई तक चलेगा विधानसभा का मानसून सत्र
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार 6 जुलाई को राज्यपाल रमेन डेका से भी मुलाकात की थी। इसके बाद अब विधायक दल की बैठक को सत्र की तैयारियों का अहम हिस्सा माना जा रहा है। विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरु होकर 17 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी, जिसमें वित्तीय और अन्य शासकीय कार्यों के साथ कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।