नौकरी के नाम पर 6.50 लाख की ठगी, कांग्रेस जिला महामंत्री गिरफ्तार
कोंडागांव जिले में कांग्रेस के जिला महामंत्री रितेश पटेल को पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उन पर पटवारी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 6.50 लाख रुपये ठगने का आरोप है। सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद यह कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक, मामला वर्ष 2017 का है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रितेश पटेल ने उसे पटवारी पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा देकर 6.50 लाख रुपये लिए थे। लंबे समय तक नौकरी नहीं लगने पर जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने भुगतान के लिए कई चेक दिए।
हालांकि, बैंक में प्रस्तुत किए जाने पर सभी चेक बाउंस हो गए। लगातार पैसे वापस नहीं मिलने और चेक अनादरित होने के बाद पीड़ित ने सिटी कोतवाली कोंडागांव में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान धोखाधड़ी से जुड़े दस्तावेजी साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने कांग्रेस नेता रितेश पटेल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इस गिरफ्तारी के बाद जिले की राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।