कर्नाटक में 4 राज्यसभा और 7 एमएलसी सीटों के लिए चुनाव 18 जून को
कर्नाटक से राज्यसभा की चार सीटों और विधान परिषद (एमएलसी) की सात सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया सोमवार को शुरू हो गई। चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है, जबकि मतदान 18 जून को राज्य विधानसभा परिसर स्थित विधान सौधा में कराया जाएगा। इन चुनावों में कर्नाटक विधानसभा के सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
राज्यसभा चुनाव भाजपा के इरन्ना कडाडी और नारायण कोरगप्पा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा का कार्यकाल 25 जून को समाप्त होने के कारण कराए जा रहे हैं।
वहीं, विधान परिषद की सात सीटों पर चुनाव उन सदस्यों का कार्यकाल 30 जून को खत्म होने के चलते हो रहा है, जो विधायकों द्वारा निर्वाचित हुए थे। इनमें कांग्रेस के गोविंद राजू, नसीर अहमद, टिप्पन्नप्पा और बीके हरिप्रसाद के अलावा भाजपा के एन नागराज (एमटीबी), प्रताप सिम्हा नायक और सुनील वाल्यापुर शामिल हैं।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून है। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी, जबकि उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान और मतगणना दोनों 18 जून को संपन्न होंगे।
विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए सत्तारूढ़ कांग्रेस के राज्यसभा की चार में से तीन सीटें और विधान परिषद की सात में से पांच सीटें जीतने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, भाजपा और जेडी(एस) गठबंधन इन चुनावों में साझा उम्मीदवार उतारता है या नहीं, इस पर राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।