PG कॉलेज मैदान में कार बनी ऑनलाइन सट्टे का अड्डा, पुलिस ने दो युवकों को रंगे हाथ दबोचा
धमतरी। आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टे का कारोबार लगातार फैलता जा रहा है, लेकिन धमतरी पुलिस भी ऐसे नेटवर्क पर शिकंजा कसने में पीछे नहीं है। जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खेलते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कार के भीतर बैठकर मोबाइल ऐप के जरिए हार-जीत पर लाखों रुपये का दांव लगा रहे थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आईफोन, अन्य मोबाइल, नगदी रकम और टाटा नेक्सॉन कार समेत करीब 5 लाख 40 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध जुआ, सट्टा और ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। साइबर तकनीक, मुखबिर तंत्र और तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस ऐसे कारोबारियों पर नजर बनाए हुए है।
इसी अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान अंबेडकर चौक के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पीजी कॉलेज मैदान में खड़ी टाटा नेक्सॉन कार क्रमांक CG 05 AK 3677 के भीतर दो युवक मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खेल रहे हैं और रुपयों का लेनदेन कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आसपास मौजूद कुछ लोग मौके से भाग निकले, लेकिन कार के भीतर बैठे दो युवकों को मोबाइल फोन पर सट्टा खेलते हुए पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अमीत वाधवानी और विजय ग्वालानी उर्फ बब्बू के रूप में बताई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन में “All Panel Exchange” नामक ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म संचालित मिलता मिला, जिसके जरिए आईपीएल मैचों पर दांव लगाया जा रहा था।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने ऑनलाइन सट्टा संचालन और पैसों के लेनदेन की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने मौके से दो आईफोन, दो अन्य मोबाइल फोन, 5200 रुपये नगद और टाटा नेक्सॉन कार जब्त कर ली।
पुलिस के मुताबिक जब्त मोबाइल फोन, बैंक खातों, यूपीआई आईडी और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और आईडी संचालकों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। संभावना जताई जा रही है कि यह नेटवर्क कई जिलों तक फैला हो सकता है।
धमतरी पुलिस ने साफ कहा है कि जिले में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा, जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि इस तरह की गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
- अमीत वाधवानी पिता मुकेश वाधवानी उम्र 30 वर्ष निवासी नीलकमल गली आमापारा धमतरी, हाल अर्जुन रेसिडेंसी शांति कॉलोनी धमतरी थाना सिटी कोतवाली जिला धमतरी
- विजय ग्वालानी उर्फ बब्बू पिता स्व. अशोक ग्वालानी उम्र 30 वर्ष निवासी विवेकानंद कॉलोनी झूलेलाल नगर धमतरी थाना सिटी कोतवाली जिला धमतरी