पारिवारिक विवाद में हिंसा: जीजा ने दो सालियों की गोली मारकर हत्या की

पारिवारिक विवाद में हिंसा: जीजा ने दो सालियों की गोली मारकर हत्या की

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने मंगलवार रात भयावह रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने अपनी ही दो सालियों पर गोली चला दी, जिससे दोनों की मौत हो गई और इलाके में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी जितेंद्र वर्मा, जो पेशे से बाउंसर है, ने घरेलू विवाद के चलते अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। इस घटना में गीतांजलि को सिर में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी साली दुर्गेश्वरी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी विवाद के बाद पत्नी अपने बच्चे के साथ मायके चली गई थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी पत्नी को ढूंढते हुए उसकी बहनों के घर पहुंचा।

वहां किसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। गुस्से में आकर जितेंद्र ने पिस्टल से गोली चला दी, जिससे यह दर्दनाक घटना हुई।

घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई मृतकों के परिजनों के बयान और जांच के आधार पर की जाएगी।