सरकार 2 प्रतिशत डीए एरियर सहित शीघ्र जारी करे – फेडरेशन

सरकार 2 प्रतिशत डीए एरियर सहित शीघ्र जारी करे – फेडरेशन

रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन द्वारा प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों को लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता एरियर सहित प्रदान किए जाने की मांग को लेकर माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं मुख्य सचिव को ज्ञापन प्रेषित किया गया है।

फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक एवं प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ, श्री कमले वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में प्रदेश के शासकीय सेवकों को केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता एरियर सहित प्रदान करने का वादा किया है। वर्तमान में प्रदेश के कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता प्राप्त हो रहा है, जो केंद्र सरकार की दर से 2 प्रतिशत कम है।

उन्होंने अवगत कराया कि केंद्र सरकार द्वारा 01 जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता स्वीकृत किया जा चुका है, जबकि प्रदेश के कर्मचारियों एवं पेंशनरों को अभी तक इसका लाभ प्राप्त नहीं हुआ है। बढ़ती महंगाई के कारण कर्मचारियों एवं पेंशनरों को अपने परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

फेडरेशन ने माननीय मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि घोषणा पत्र के अनुरूप प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों को केंद्र के समान लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता एरियर सहित देय तिथि से स्वीकृत करने हेतु आवश्यक निर्देश शीघ्र जारी किए जाएं।