कांकेर के जंगल में मुठभेड़: एसीएम कमांडर रूपी ढेर, हथियार बरामद
कांकेर जिले के छोटेबेठिया–परतापुर थाना क्षेत्र के माचपल्ली–आरामझोरा–हिडूर के घने जंगल में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई इस कार्रवाई में एक महिला माओवादी मारी गई है।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के अनुसार, माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान माचपल्ली क्षेत्र में मुठभेड़ शुरू हो गई।
मुठभेड़ के बाद तलाशी में सुरक्षा बलों को एक महिला माओवादी का शव मिला, जिसकी पहचान एसीएम कमांडर रूपी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रूपी डीकेएसजेडसी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी, जिसकी 2025 में मुठभेड़ में मौत हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक, वह बस्तर क्षेत्र की आखिरी तेलुगू महिला माओवादी कैडर थी।
घटनास्थल से एक पिस्टल, गोला-बारूद और अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद की गई है। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और अन्य माओवादियों की तलाश की जा रही है।
वहीं बस्तर आईजी सुन्दरराज पट्टलिंगम ने शेष माओवादी कैडरों से आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है।