अश्लील कॉल के आरोप में शहर काजी बर्खास्त
राजधानी रायपुर के बैजनाथपारा स्थित मदरसा इस्लाहुल मुस्लेमीन यतीमखाना के शहर काजी आरिफ अली फारूकी को गंभीर आरोपों के चलते पद से बर्खास्त कर दिया गया है। उन पर महिलाओं को देर रात फोन कर अश्लील बातें करने, दोस्ती के लिए दबाव बनाने और तलाक-हलाला जैसी संवेदनशील बातों को लेकर धमकाने के आरोप लगे हैं।
मामले का खुलासा तब हुआ जब वक्फ बोर्ड में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। पीड़ित महिला के अनुसार काजी रात में फोन कर अनुचित बातचीत करता था और तलाक के बाद हलाला में शामिल करने की बात कहकर मानसिक दबाव बनाता था। इस घटना के सामने आने के बाद समाज में आक्रोश फैल गया।
31 मार्च 2026 को रायपुर में उलेमाओं और समाज प्रमुखों की आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें कारी इमरान, अब्दुल रज्जाक समेत कई वरिष्ठ लोग शामिल हुए। बैठक में आरोपों को गंभीर मानते हुए आरिफ अली फारूकी को तत्काल प्रभाव से पद से हटाने का फैसला लिया गया। उलेमाओं ने कहा कि इस तरह का आचरण पद की गरिमा के खिलाफ है।
वक्फ बोर्ड ने भी कार्रवाई का समर्थन किया है और जरूरत पड़ने पर पुलिस जांच की सिफारिश की बात कही है। समाज के लोगों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे ऐसे मामलों पर सख्ती से रोक लगेगी और महिलाओं की सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।