मोदी सरकार की गलत नीतियों ने देश को आर्थिक तबाही की ओर धकेला, जनता को लूट रही भाजपा: यू.डी. मिंज
जशपुर। जशपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व विधायक यू.डी. मिंज ने बुधवार को आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में हो रही निरंतर बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार किया है।
उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि उसकी गलत रणनीतिक और आर्थिक नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है। मिंज ने कहा कि आज देश का आम नागरिक महंगाई की मार से त्रस्त है और राहत की उम्मीद कर रहा है, लेकिन भाजपा सरकार संवेदनहीन होकर जनता को लूटने और देश को गहरे आर्थिक संकट में झोंकने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि इन नीतियों का सीधा दुष्प्रभाव अब 140 करोड़ भारतीयों को भुगतना पड़ रहा है।
यू.डी. मिंज ने रोजमर्रा की वस्तुओं के बढ़ते दामों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज से कई जरूरी चीजों की कीमतों में इजाफा होने जा रहा है, जिससे आम जनता पर असहनीय आर्थिक बोझ पड़ेगा।
उन्होंने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में हुई भारी बढ़ोतरी का उल्लेख करते हुए कहा कि एक ओर कीमतें बढ़ रही हैं और दूसरी ओर आपूर्ति कम की जा रही है। इसका सीधा असर न केवल छोटे व्यापारियों और सड़क किनारे चाय बेचने वालों पर पड़ेगा, बल्कि स्कूलों में चलने वाली मिड-डे मील जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं भी इससे बुरी तरह प्रभावित होंगी।
स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं के महंगे होने पर आक्रोश जताते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने 900 से अधिक आवश्यक दवाओं की कीमतों में वृद्धि कर दी है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लिए इलाज कराना अब एक बड़ी चुनौती बन गया है।
उन्होंने स्टेंट की कीमतों में वृद्धि और टोल टैक्स में की गई बढ़ोतरी को जनता की जेब पर सीधा डाका बताया। मिंज ने आगे कहा कि स्पीड पोस्ट शुल्क में 34 प्रतिशत का भारी इजाफा और प्लास्टिक, स्टील व सिरेमिक जैसे महत्वपूर्ण उद्योगों की लागत बढ़ने से व्यापारिक क्षेत्र में हाहाकार मचा हुआ है, जिससे रोजगार के अवसर भी कम हो रहे हैं।
किसानों और छोटे उद्यमियों की बदहाली का जिक्र करते हुए यू.डी. मिंज ने कहा कि पीवीसी पाइपों की कीमतें बढ़ने से किसानों की खेती की लागत बढ़ गई है, जिससे वे कर्ज के दलदल में फंसते जा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जहां एक तरफ आम नागरिक, किसान, मजदूर और एमएसएमई (MSME) सेक्टर राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहीं केंद्र सरकार उनकी जायज मांगों और समस्याओं को पूरी तरह से नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हक की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी।