पुलिसकर्मी के मासूम बेटे की मौत, टीका लगने के बाद रुक गई सांस

पुलिसकर्मी के मासूम बेटे की मौत, टीका लगने के बाद रुक गई सांस

बागबहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। डीपीटी का टीका लगने के कुछ घंटे बाद एक 5 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जिससे स्वजनों में आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार महासमुंद निवासी नरेंद्र यादव खल्लारी थाना में पदस्थ हैं और बागबाहरा में निवासरत हैं। यहां नैतिक यादव (5 वर्ष) के पिता नरेंद्र यादव सोमवार को बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नियमित टीकाकरण के तहत डीपीटी का टीका लगाने गए।

बताया जा रहा है कि पांच वर्ष की आयु पूरी होने पर लगाए जाने वाले इस टीके के कुछ ही घंटों बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी और थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई।

बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक का माहौल छा गया। स्वजनों ने स्वास्थ्य केंद्र की लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा है कि बच्चे का पोस्टमार्टम बाहर की विशेषज्ञ टीम से कराया जाए, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।

घटना के बाद क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जांच के बाद ही बच्चे की मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।

नरेंद्र यादव ने बताया कि टीकाकरण के बाद नैतिक को घर लाया गया। भोजन करने के बाद बच्चा सोया था। शाम पांच बजे पत्नी ने फोन पर बताया कि बच्चे का मुंह खुला है। अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित किया गया।