हाईवे पर बर्थडे पार्टी पड़ी भारी: सड़क जाम करने वाले 7 युवक गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

हाईवे पर बर्थडे पार्टी पड़ी भारी: सड़क जाम करने वाले 7 युवक गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

सूरजपुर। सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर स्टेट हाईवे जाम कर जन्मदिन मनाना सात युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया और कार्रवाई के दौरान उनका पैदल जुलूस भी निकाला।मामला लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र के सोनवाही के पास का है। 16 फरवरी की रात अंबिकापुर के कुछ युवक चठिरमा सीमा क्षेत्र में स्थित एक ढाबे पर बर्थडे पार्टी मनाने पहुंचे थे। पार्टी के बाद उन्होंने अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर चारपहिया वाहन खड़े कर दोनों ओर से सड़क रोक दी।

कार की बोनट पर केक काटा गया, आतिशबाजी की गई और करीब आधे घंटे तक हाईवे जाम रहा। इस दौरान लगभग एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई। एम्बुलेंस समेत कई वाहन फंसे रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। जांच के बाद छह युवकों को अंबिकापुर और एक को लटोरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के लिए सूरजपुर पुलिस की दो टीमें लगाई गई थीं। बर्थडे पार्टी में इस्तेमाल की गई दो कारें भी जब्त की गई हैं। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 285 और 126(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शुक्रवार को सभी को सूरजपुर कोतवाली लाकर पैदल कोर्ट तक ले जाया गया, जहां उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार युवकों की सूची 

  1. अमितेश गुप्ता उर्फ जानू, पिता राकेश गुप्ता, उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड क्र. 44, अंबिकापुर
  2. अंशुल अग्रवाल, पिता सोहन लाल अग्रवाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी अंबिकापुर
  3. प्रथम अग्रवाल, पिता प्रमोद अग्रवाल, उम्र 24 वर्ष, निवासी मणीपुर, अंबिकापुर
  4. शुभम अग्रवाल, पिता सुभाष अग्रवाल, उम्र 23 वर्ष, निवासी कुण्डला सिटी, अंबिकापुर
  5. महेश साहू, पिता विनय साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी बिलासपुर चौक, अंबिकापुर,
  6. निखिल रामा, पिता तुलसी राम, उम्र 26 वर्ष, निवासी जनपदपारा, अंबिकापुर
  7. अरूण देवांगन, पिता कैलाश प्रसाद देवांगन, उम्र 39 वर्ष, निवासी लटोरी, चौकी लटोरी