छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा 2027 का टाइम टेबल जारी, 12 मार्च से शुरू होंगे 12वीं के एग्जाम
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षाओं की समय-सारणी जारी कर दी है। घोषित कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 12 मार्च से 8 अप्रैल 2027 तक और कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 13 मार्च से 5 अप्रैल 2027 तक आयोजित होंगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक चलेंगी।
12वीं की परीक्षा 12 मार्च से, 8 अप्रैल को अंतिम पेपर
कक्षा 12वीं की परीक्षा 12 मार्च को हिंदी विषय के पेपर के साथ शुरू होगी। इसके बाद 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र, लेखाशास्त्र सहित अन्य विषयों की परीक्षा होगी। 17 मार्च को संस्कृत, 19 मार्च को जीव विज्ञान और अर्थशास्त्र, 24 मार्च को समाजशास्त्र तथा 29 मार्च को गणित का पेपर आयोजित किया जाएगा।
31 मार्च को अंग्रेजी और 3 अप्रैल को इतिहास, व्यवसाय अध्ययन, कृषि विज्ञान के तत्व, ड्राइंग एंड पेंटिंग तथा आहार एवं पोषण विषयों की परीक्षा होगी। 5 अप्रैल को भूगोल और भौतिक शास्त्र, 6 अप्रैल को विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, 7 अप्रैल को क्षेत्रीय एवं अन्य भाषाओं और 8 अप्रैल को मनोविज्ञान की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
10वीं की परीक्षा 13 मार्च से शुरू
कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 13 मार्च को तृतीय भाषा के पेपर से शुरू होगी। इसमें संस्कृत, मराठी, उर्दू, पंजाबी, सिंधी, बंगाली, गुजराती, तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़ और उड़िया भाषाएं शामिल हैं।
इसके बाद 16 मार्च को अंग्रेजी, 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान, 20 मार्च को विज्ञान, 25 मार्च को हिंदी और 30 मार्च को गणित की परीक्षा होगी। 1 अप्रैल को विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं, 5 अप्रैल को दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए संगीत और मूक-बधिर विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग एंड पेंटिंग का पेपर होगा।
परीक्षा केंद्र पर 9 बजे पहुंचना अनिवार्य
मंडल के निर्देशों के मुताबिक परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में अपनी जगह लेनी होगी। सुबह 9:05 बजे उत्तरपुस्तिकाएं और 9:10 बजे प्रश्नपत्र वितरित किए जाएंगे। प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए निर्धारित समय के बाद सुबह 9:15 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक उत्तर लिखने का समय मिलेगा।
शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा का कार्यक्रम भी जारी
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा 2027 के प्रथम और द्वितीय वर्ष की समय-सारणी भी घोषित की है। प्रथम वर्ष की परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 19 मार्च तक चलेंगी। वहीं, द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 13 मार्च से 20 मार्च तक आयोजित की जाएंगी।
मंडल ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा की तिथियों और समय में बदलाव किया जा सकता है। परीक्षा अवधि के दौरान शासन की ओर से सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित होने पर भी परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी।
परीक्षार्थी और अभिभावक विषयवार विस्तृत समय-सारणी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर देख सकते हैं।