100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, 8 यात्रियों की मौत
ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई। हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही विश्वनाथ सेवा की यात्री बस गूलर बाजार के पास अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार, बस मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी। सुबह गूलर के पास अचानक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि सात यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल की एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस तरह मृतकों की संख्या आठ हो गई है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। खाई में गिरी बस और आसपास फंसे यात्रियों को निकालने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। बचाव दल ने 20 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें से 19 घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जबकि अन्य घायलों को ऋषिकेश के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसएसपी श्वेता चौबे के अनुसार, हादसे में अब तक आठ शव बरामद किए गए हैं। मृतकों में अधिकतर कम उम्र के बताए जा रहे हैं। वहीं, घायलों में तीन साल की एक मासूम बच्ची भी शामिल है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।