चेहरा गोरा करने वाली क्रीम में जहर! पाकिस्तान की प्रतिबंधित क्रीम रायपुर में बिकती मिली

चेहरा गोरा करने वाली क्रीम में जहर! पाकिस्तान की प्रतिबंधित क्रीम रायपुर में बिकती मिली

रायपुर। चेहरे को गोरा करने का दावा करने वाली पाकिस्तान में निर्मित प्रतिबंधित क्रीम की बिक्री का मामला छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सामने आया है। केंद्र सरकार द्वारा पाकिस्तानी उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद गोल बाजार की दुकानों में यह क्रीम 300 से 550 रुपये तक में बेची जा रही थी। मामले की सूचना मिलने के बाद ड्रग डिपार्टमेंट की टीम ने गोल बाजार की दुकानों में छापेमारी कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, दुकानदार ग्राहकों को चेहरे का रंग गोरा करने का दावा करते हुए इस क्रीम की बिक्री कर रहे थे। क्रीम में मरकरी यानी पारे की खतरनाक मात्रा होने की चेतावनी के चलते इसके इस्तेमाल से स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। पाकिस्तान में निर्मित इस क्रीम की बिक्री की सूचना मिलने के बाद ड्रग विभाग की टीम ने गोल बाजार की दुकानों में पहुंचकर जांच की। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि आयात पर प्रतिबंध के बावजूद पाकिस्तानी क्रीम रायपुर के बाजार तक कैसे पहुंची। इसके लिए क्रीम की आपूर्ति करने वाले स्रोतों और वितरण नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

नागपुर में किडनी की समस्या से जूझ रही 18 महिलाओं का मामला

इस क्रीम को लेकर महाराष्ट्र के नागपुर में भी गंभीर स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं सामने आई थीं। जानकारी के अनुसार, किडनी संबंधी परेशानियों से जूझ रही करीब 18 महिलाओं द्वारा नियमित रूप से गोरी क्रीम इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई थी। वर्ष 2023-24 से किडनी विशेषज्ञों के पास ऐसे मरीज पहुंच रहे थे। इसके बाद क्रीम के नमूनों की निजी प्रयोगशाला में जांच कराई गई। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की जांच में भी क्रीम में पारे की मात्रा निर्धारित स्तर से कई गुना अधिक पाई गई थी।

खूबसूरती के नाम पर सेहत से खिलवाड़ का खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार, त्वचा को गोरा करने वाली कुछ क्रीमों में पारे का इस्तेमाल किया जाता है। पारा त्वचा के माध्यम से शरीर में प्रवेश कर किडनी और तंत्रिका तंत्र को नुकसान पहुंचा सकता है। लंबे समय तक ऐसी क्रीम का इस्तेमाल गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकता है। फिलहाल रायपुर में ड्रग विभाग की जांच जारी है। जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि प्रतिबंधित क्रीम किन माध्यमों से राजधानी पहुंची और इसके कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं।