3200 करोड़ के शराब घोटाले का बड़ा खुलासा, दुबई में पकड़ा गया मुख्य आरोपी विकास अग्रवाल, भारत लाने की तैयारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 3200 करोड़ रुपये से अधिक के शराब घोटाले में जांच एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। करोड़ों के इस कथित घोटाले का लंबे समय से फरार चल रहा मुख्य आरोपी विकास अग्रवाल अब दुबई में कानून के शिकंजे में आ गया है। संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE के अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया है। अब भारतीय एजेंसियां उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हैं।
दरअसल, छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) के मुताबिक, विकास अग्रवाल कथित शराब सिंडिकेट का बेहद अहम हिस्सा था। जांच एजेंसी ने उसे सिंडिकेट का वित्तीय मैनेजर बताया है। आरोप है कि वह शराब निर्माता कंपनियों यानी डिस्टिलरी और FL-10A लाइसेंसधारियों से अवैध कमीशन की वसूली करता था।
जांच के अनुसार, इस कथित अवैध वसूली से जुटाई गई रकम को शराब सिंडिकेट के प्रमुख चेहरे अनवर ढेबर तक पहुंचाया जाता था। घोटाले का खुलासा होने के बाद विकास अग्रवाल देश छोड़कर फरार हो गया था और दुबई में छिपकर रह रहा था। लंबे समय से ED उसकी तलाश कर रही थी।
पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज!
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि विकास अग्रवाल को भारत लाने के बाद पूछताछ में कौन-कौन से राज सामने आएंगे? जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि उससे कथित अवैध लेन-देन, कमीशन की वसूली और पूरे शराब सिंडिकेट के नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं। यह भी माना जा रहा है कि उसकी गिरफ्तारी से मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच को नई दिशा मिल सकती है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में 3200 करोड़ रुपये से अधिक के कथित राजस्व नुकसान और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में तत्कालीन आबकारी अधिकारियों, राजनेताओं और शराब कारोबारियों सहित कई प्रभावशाली लोगों के खिलाफ जांच और कानूनी कार्रवाई चल रही है।
फिलहाल विकास अग्रवाल की दुबई में हिरासत को इस हाई-प्रोफाइल मामले में एक बड़ी घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रत्यर्पण की प्रक्रिया कब पूरी होती है और भारत पहुंचने के बाद उसकी पूछताछ में शराब घोटाले से जुड़े कितने नए चेहरे सामने आते हैं।