महादेव सट्टा ऐप केस: सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक जेल में, ED की वारंट वाली अर्जी खारिज
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष अदालत ने 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आठ दिन की सीबीआई कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद गुरुवार को उसे कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान सीबीआई ने दोबारा रिमांड की मांग नहीं की, जबकि प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से नॉन-बेलेबल वारंट लागू कराने के लिए दिया गया आवेदन अदालत ने खारिज कर दिया।
सुनवाई के दौरान ED की ओर से अधिवक्ता सौरभ पांडे ने पक्ष रखा, जबकि बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता तुषार गिरी ने पैरवी की। कोर्ट परिसर में सीबीआई और ईडी के अधिकारी भी मौजूद रहे।
चार अधिकारियों को पूछताछ के लिए नोटिस
इस मामले में सीबीआई ने चार अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया है। जांच एजेंसी ने सौरभ चंद्राकर से आठ दिनों की पूछताछ में महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी से जुड़े सवाल किए। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि सट्टे से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची और नेटवर्क को संचालित करने में किन अधिकारियों तथा अन्य लोगों की भूमिका रही।
2022 में दर्ज हुई थी पहली FIR
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में पहली एफआईआर दर्ज हुई थी। इसके बाद 6 अक्टूबर 2022 को ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू से जांच शुरू की। सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को इस नेटवर्क के मुख्य आरोपियों के रूप में चिन्हित किया गया।
सीबीआई ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में केस दर्ज किया था। जांच एजेंसी ऑनलाइन सट्टेबाजी के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, बैंक खातों और हवाला के माध्यम से हुए कथित वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध सट्टेबाजी से अर्जित रकम का इस्तेमाल कहां और किन लोगों के जरिए किया गया।