रोटरी क्लब ऑफ रायपुर द्वारा " गरिमा गृह" में विवेकानंद साहित्य एवं फलों का वितरण

रोटरी क्लब ऑफ रायपुर द्वारा " गरिमा गृह" में विवेकानंद साहित्य एवं फलों का वितरण

"हर इंसान में असीम शक्ति छुपी है,आवश्यकता सिर्फ उसे पहचानने की , अपने पर विश्वास रखकर अपने लक्ष्य प्राप्ति के लिये पूरी मेहनत से प्रयास करने की है"

उक्त उद्गार  रोटरी क्लब ऑफ रायपुर की अध्यक्ष डॉ. प्रीता लाल ने सरोना स्थित ट्रांसजेंडर समुदाय के " गरिमा गृह" के  निवासियों को 24 अक्टूबर 2026 को संबोधित करते हुए कहे। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेकर जीवन में आगे बढ़ने तथा आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान बनाने का संदेश दिया।
 " गरिमा गृह " के निवासियों को  विवेकानंद साहित्य के साथ ही फलों का भी वितरण किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य निवासियों को स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायी विचारों से जोड़ना तथा उनमें आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और आत्मनिर्भरता की भावना को प्रोत्साहित करना था।


इस अवसर पर रोटरी के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पीडीजी सुभाष साहू ने गरिमा गृह के नौ निवासियों का रक्षा सेवाओं में चयन होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने इसे परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। उन्होंने सभी निवासियों को भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया।


" गरिमा गृह" की संचालक श्रीमती विद्या ने बताया कि ट्रांसजेंडर के लिये यह संस्था 2019 से प्रारंभ की गई है और इसे केंद्र सरकार से अनुदान भी प्राप्त होता है।छत्तीसगढ़ के अलावा भारत में विभिन्न राज्यों में कुल 17 गरिमा गृह हैं।गरिमा गृह की निवासी मोहिनी साहू वन विभाग की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है तो केटी कोरमी c.g कांस्टेबल बनना चाहती है,हिना कश्यप शेफ बनना चाहती हैं और निक्की मंडावी अंग्रेज़ी साहित्य में स्नात्तकोत्तर  की पढ़ाई कर रही है ।शिक्षा,स्वास्थ्य,सामाजिक समावेशन के साथ साथ यह संस्था  समाज में ट्रांसजेंडर को बराबरी का सम्मान और आरक्षण दिलवाने के लिये प्रयत्नशील है।


कार्यक्रम के माध्यम से रोटरी क्लब ऑफ रायपुर ने सामाजिक समावेशन, मानवीय संवेदना और वंचित समुदायों के सशक्तीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायी साहित्य का वितरण इस संदेश के साथ किया गया कि आत्मविश्वास, सकारात्मक दृष्टिकोण और सतत प्रयास से प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर सकता है।