नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का 24 घंटे में खुलासा, पति गिरफ्तार
दुर्ग। धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम अगर में नवविवाहिता अन्नू खांडे की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, घरेलू विवाद और पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर पति त्रिलोक खांडे (26) ने कथित तौर पर मारपीट और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष रिमांड के लिए पेश किया है।
पुलिस के अनुसार 20 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा से नवविवाहिता अन्नू खांडे की अज्ञात परिस्थितियों में मौत की सूचना थाने को मिली। नवविवाहिता की मौत का मामला होने के कारण अनुविभागीय दंडाधिकारी धमधा को सूचना दी गई। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के दौरान मृतिका के सिर पर चोट के निशान पाए गए। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के मुताबिक चिकित्सक की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु को ‘होमिसाइडल’ यानी हत्या जनित बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या के कोण से शुरू की और मृतिका के परिजनों सहित संबंधित लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस के अनुसार मृतिका और उसके पति के बीच पहले से घरेलू विवाद चल रहा था। पति द्वारा पत्नी के चरित्र पर संदेह किए जाने की बात भी सामने आई। पुलिस ने बताया कि 21 फरवरी 2026 को दोनों तलाक लेने के संबंध में धमधा न्यायालय भी गए थे। इसके बाद मृतिका को मायके छोड़ने के दौरान उसके पिता के साथ मारपीट की घटना को लेकर जामुल थाने में रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी भी जांच में सामने आई। पुलिस के मुताबिक 19 सितंबर की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हुआ। पूछताछ में आरोपी पति ने कथित तौर पर बताया कि विवाद के दौरान उसने खाट पर बैठी अन्नू के सिर पर हाथ-मुक्के से मारपीट की और उसका गला दबाया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस का आरोप है कि घटना के बाद हत्या की वास्तविकता छिपाने के उद्देश्य से आरोपी मृतिका को पूर्व बीमारी का हवाला देकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा लेकर पहुंचा। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनाक्रम और पूछताछ से मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पति त्रिलोक खांडे को आरोपी बनाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को देने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष रिमांड के लिए पेश किया गया।