गुप्त चेंबर में छिपा रखा था 4.47 क्विंटल गांजा, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार
कबीरधाम जिले में चिल्फी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये है। गांजा कंटेनर के ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए एक गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाया जा रहा था। मामले में पंजाब निवासी आरोपी बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
एनएच-30 पर चेकिंग के दौरान पकड़ा गया कंटेनर
राजनांदगांव रेंज आईजी अजय यादव के निर्देश पर कबीरधाम जिले में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 31 अगस्त को चिल्फी थाना पुलिस की टीम एनएच-30 मेन रोड पर थाना चिल्फी के सामने संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को पुलिस ने रोककर जांच की। वाहन में सवार व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम बलजीत सिंह, निवासी चाटीपिंड, जिला अमृतसर, पंजाब बताया।
ड्राइवर सीट के ऊपर बनाया था गुप्त चेंबर
संदेह के आधार पर पुलिस ने कंटेनर की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर का पता चला। चेंबर के अंदर खाकी रंग के टेप से लिपटे पैकेटों में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था।
पुलिस ने पैकेटों को बाहर निकालकर वजन कराया तो कुल 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 2,23,75,250 रुपये बताई गई है।
2.50 करोड़ से ज्यादा का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजे के अलावा 27 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक और करीब 5 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस तरह कार्रवाई में कुल 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपये का सामान जब्त किया गया।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। एएनटीएफ टीम भी आरोपी से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच लगातार जारी रहेगी और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आईजी ने पुलिस टीम को दिया 25 हजार का इनाम
बड़ी खेप पकड़ने वाली चिल्फी पुलिस टीम की कार्रवाई की आईजी अजय यादव ने सराहना की। उन्होंने कबीरधाम पुलिस और थाना चिल्फी की टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनकी सतर्कता एवं तत्परता की पीठ थपथपाई। साथ ही भविष्य में भी इसी तरह प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।