सारंगढ़ में सड़क हादसा: श्रद्धालुओं की पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर, 15 घायल

सारंगढ़ में सड़क हादसा: श्रद्धालुओं की पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर, 15 घायल

 सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में एक भीषण सड़क हादसे में करीब 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी श्रद्धालु चंद्रपुर स्थित चंद्रहासिनी मंदिर से देवी दर्शन कर पिकअप वाहन से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सीपीएम कॉलेज रोड के पास एक माजदा ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही सारंगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि घायल सभी लोग महासमुंद जिले के बागबाहरा, पटेरापाली और गाड़ाघाट के निवासी हैं। मंदिर में दर्शन के बाद सभी एक ही पिकअप वाहन से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सीपीएम कॉलेज रोड के पास तेज रफ्तार माजदा ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार करीब 15 लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। हादसे में कुछ लोगों को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है।

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। फिलहाल सारंगढ़ पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। ट्रक चालक की लापरवाही और वाहनों की गति समेत अन्य पहलुओं को लेकर पुलिस जांच जारी है।