दीप्ति गौड़ मुखर्जी बनीं नई उच्च शिक्षा सचिव

दीप्ति गौड़ मुखर्जी बनीं नई उच्च शिक्षा सचिव

केंद्र सरकार ने सोमवार को बड़े पैमाने पर आईएएस अधिकारियों के तबादले किए। वरिष्ठ अधिकारी दीप्ति गौड़ मुखर्जी को नई उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त किया गया है। मुखर्जी ने पिछले महीने पंचायती राज मंत्रालय के सचिव नियुक्त किए गए विनीत जोशी की जगह ली है। दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले पशुपालन और डेरी विभाग के सचिव नरेश पाल गंगवार को जोशी की जगह उच्च शिक्षा सचिव बनाने का फैसला किया गया था।

सोमवार देर रात जारी एक आदेश में कार्मिक मंत्रालय ने कहा कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने मुखर्जी को नया उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है। नीट पेपर लीक विवाद की पृष्ठभूमि में मुखर्जी की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के निजी सचिव के तौर पर काम कर रहे चंद्रशेखर एस. को उनके कैडर राज्य केरल वापस भेज दिया गया। 2014 बैच के आईएएस अधिकारी चंद्रशेखर को पिछले साल सितंबर में उपराष्ट्रपति का निजी सचिव नियुक्त किया गया था।