प्रयागराज में राहुल गांधी के ‘गूंज’ कार्यक्रम का रास्ता साफ

प्रयागराज में राहुल गांधी के ‘गूंज’ कार्यक्रम का रास्ता साफ

कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का प्रयागराज में छात्रों से संवाद कार्यक्रम ‘गूंज’ के आयोजन का रास्ता साफ हो गया है। कायस्थ पाठशाला (केपी) ट्रस्ट ने कार्यक्रम स्थल की अनुमति निरस्त करने के अपने पूर्व आदेश को रद्द करते हुए निर्धारित शर्तों के साथ कार्यक्रम की दोबारा अनुमति प्रदान कर दी है।

केपी ट्रस्ट के अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने शुक्रवार को यह अनुमति प्रदान की। ट्रस्ट ने कहा है कि जिला प्रशासन द्वारा दी गई अनुमति के आधार पर कांग्रेस पार्टी निर्धारित शर्तों के अधीन कार्यक्रम के संबंध में आगे की कार्रवाई कर सकती है। इसके बाद अब राहुल गांधी का प्रस्तावित कार्यक्रम शनिवार, आठ अगस्त को केपी ग्राउंड में आयोजित किया जा सकेगा।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केपी ट्रस्ट को लिखित आश्वासन दिया है कि कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के खेल मैदान और प्रांगण की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया है कि कार्यक्रम के लिए मैदान के केवल उतने ही हिस्से का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे छात्रों की खेलकूद गतिविधियों में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो।

लिखित आश्वासन में कांग्रेस ने यह भी कहा है कि कार्यक्रम के दौरान इलाहाबाद उच्च न्यायालय अथवा किसी अन्य न्यायालय के आदेशों की अवहेलना नहीं की जाएगी। स्कूल परिसर का किसी भी रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाएगा और न्यायालय के आदेशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाएगा।