सरकार को जान-माल और फसलों की चिंता नहीं - आम आदमी पार्टी

एनएच सहित सड़कों पर मवेशियों के जमावड़े को लेकर आप ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सरकार को जान-माल और फसलों की चिंता नहीं - आम आदमी पार्टी

महासमुंद। नेशनल हाईवे सहित जिले की प्रमुख सड़कों पर आवारा मवेशियों के जमावड़े से लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और किसानों की फसलों को हो रहे भारी नुकसान को लेकर आम आदमी पार्टी महासमुंद ने कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नाम डिप्टी कलेक्टर तेजराम ध्रुव को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया है कि जिले में नेशनल हाईवे और प्रमुख मार्गों पर दिन-रात मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। कई लोगों की जान जा चुकी है और अनेक लोग घायल हो चुके हैं, बावजूद इसके प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
आप ने यह भी उल्लेख किया कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा है कि “अगर नेशनल हाईवे से जानवरों को नहीं हटा सकते तो टोल टैक्स वसूलने का कोई अधिकार नहीं है।” इसके बावजूद छत्तीसगढ़ में स्थिति जस की तस बनी हुई है, जो सरकार की लापरवाही को उजागर करता है।
इसके साथ ही किसानों की चिंता का मुद्दा भी उठाते हुए कहा गया कि खुले में घूम रहे मवेशी किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
आप के प्रदेश सचिव संजय यादव ने कहा, “नेशनल हाईवे पर मवेशियों का जमावड़ा सीधे-सीधे लोगों की जान से खिलवाड़ है। जब सुप्रीम कोर्ट तक इस मुद्दे पर सख्त टिप्पणी कर चुका है, तब भी राज्य सरकार की निष्क्रियता समझ से परे है। अगर तत्काल प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आम आदमी पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।”
प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र चंद्राकर ने कहा, “छत्तीसगढ़ में किसान पहले ही परेशान है, ऊपर से मवेशियों द्वारा फसल चौपट होने से उसकी कमर टूट रही है।भाजपा सरकार की गो धाम योजना अखबारों की शोभा बढ़ा रही है जिसमें कहा गया था कि पूर्व की बघेल सरकार के समय के खाली पड़े गोठानो का उपयोग मवेशियों की सुरक्षा के लिए किया जायेगा उन्हें वहीं चारा की व्यवस्था और एक चरवाहे की वेतन आधार पर नियुक्ति की जाएगी,सरकार की यह योजना जमीनी स्तर पर टाँय टाँय फीस है,सरकार न तो किसानों की सुरक्षा कर पा रही है और न ही आम जनता की। यह पूरी तरह प्रशासनिक विफलता का उदाहरण है।”
 जिलाध्यक्ष राकेश झाबक ने कहा एक तरफ भाजपा कार्यकर्ता गाय को राष्ट्रीय गौ माता की दर्जा देने की मांग कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ केन्द्र की भाजपा सरकार बीफ़ एक्सपोर्ट को बढ़ावा दे रही है आज भारत बीफ एक्सपोर्ट में विश्व मे नम्बर वन है और यही भाजपा उन कंपनियों से करोड़ों रुपये का पार्टी फंड के लिए चंदा ले रही है, यह दोहरा चरित्र देश में नही चलेगा।
आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि-
1. नेशनल हाईवे एवं प्रमुख सड़कों से तत्काल मवेशियों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
2. आवारा मवेशियों के लिए स्थायी गौठान/आश्रय की व्यवस्था की जाए।
3. सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
4. किसानों को फसल नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।
AAP ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो पार्टी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।