बलौदाबाजार हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा, 16 घायल, 3 गंभीर

बलौदाबाजार हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा, 16 घायल, 3 गंभीर

बलौदाबाजार जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सकरी के पास नेशनल हाईवे-130बी पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर से बलौदाबाजार आ रही एक यात्री बस की सामने से आ रहे ट्रक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बलौदाबाजार पुलिस, डायल-112 और पेट्रोलिंग टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे में 16 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। अधिकांश घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि तीन यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा हाईवे पर बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर से हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

यह हादसा रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग की बदहाल यातायात व्यवस्था और बढ़ते ट्रैफिक दबाव की ओर एक बार फिर ध्यान खींचता है। रायपुर से सारंगढ़ तक का यह मार्ग भारी वाहनों, यात्री बसों और निजी वाहनों की आवाजाही के कारण अत्यधिक व्यस्त रहता है।

सड़क अपेक्षाकृत संकरी होने से बड़े वाहनों के आमने-सामने आने पर ओवरटेक करना जोखिमभरा हो जाता है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग के चौड़ीकरण और यातायात सुरक्षा उपायों को शीघ्र लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।