स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का धरना अब 25 जुलाई को
रायपुर स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित धरना अब 23 जुलाई की बजाय 25 जुलाई (शनिवार) को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में यह बदलाव दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 23 जुलाई को प्रदेशभर में आयोजित ब्लॉक स्तरीय कांग्रेस प्रदर्शन के कारण किया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल और असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक ने संयुक्त बयान जारी कर संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने असुविधा के लिए खेद जताते हुए अधिक से अधिक लोगों से नए कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि 25 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रायपुर के राजीव गांधी चौक (पुराना फायर ब्रिगेड परिसर) के पास एक दिवसीय धरना दिया जाएगा।
धरने के माध्यम से कांग्रेस स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने बिजली मीटर लगाने, नए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने तथा उपभोक्ताओं को जारी बेतहाशा बढ़े बिजली बिलों को संशोधित करने की मांग करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर के कारण आम जनता आर्थिक बोझ झेल रही है और इस मुद्दे पर व्यापक जनआंदोलन की आवश्यकता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और बिजली उपभोक्ताओं से बड़ी संख्या में धरने में शामिल होकर आंदोलन को मजबूत बनाने की अपील की।