चेन्नई एयरपोर्ट पर हड़कंप: चलती फ्लाइट से कूदा यात्री, बड़ा हादसा टला
रविवार तड़के चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक यात्री ने चलती फ्लाइट का इमरजेंसी दरवाजा खोलकर अचानक छलांग लगा दी। एअर अरेबिया की शारजाह से चेन्नई पहुंची इस फ्लाइट में कुल 231 यात्री सवार थे। घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों के बीच दहशत फैल गई, हालांकि समय रहते सुरक्षाबलों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना उस वक्त हुई जब विमान लैंडिंग के बाद मुख्य रनवे से हटकर टैक्सीवे पर धीमी गति से आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान 34 वर्षीय एक यात्री ने अचानक इमरजेंसी गेट खोल दिया और नीचे कूद गया। इस अप्रत्याशित घटना से विमान के अंदर हड़कंप मच गया। पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान को रोका और ग्राउंड सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी।
तबीयत बिगड़ने के चलते उठाया खतरनाक कदम
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यात्रा के दौरान यात्री की तबीयत खराब हो गई थी। उसे घबराहट और उल्टी की शिकायत थी, और बताया जा रहा है कि उसने छलांग लगाने से पहले फ्लाइट के अंदर दो बार उल्टी भी की थी। अधिकारियों का मानना है कि अत्यधिक बेचैनी के चलते उसने यह खतरनाक कदम उठाया।
तुरंत कार्रवाई, हिरासत में लिया गया यात्री
सूचना मिलते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान मौके पर पहुंचे और यात्री को तुरंत हिरासत में ले लिया। एहतियातन बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचा। पायलट की शिकायत के आधार पर यात्री को आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है।
एक घंटे तक रनवे बंद, उड़ानों पर असर
घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा कारणों से सुबह 03:23 बजे से 04:23 बजे तक मुख्य रनवे को बंद कर दिया गया। इस दौरान अन्य फ्लाइट्स को सेकेंडरी रनवे की ओर डायवर्ट किया गया। अधिकारियों ने बताया कि विमान को कोई नुकसान नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
जांच जारी, मानसिक स्थिति की भी होगी जांच
गिरफ्तार यात्री तमिलनाडु के पुदुक्कोट्टई जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। साथ ही, डॉक्टरों की टीम उसकी मानसिक स्थिति का भी आकलन कर रही है, ताकि इस खतरनाक हरकत के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सके।