केस दबाने के लिए मांगी रिश्वत: ऑडियो वायरल होने के बाद SI सस्पेंड
गरियाबंद सिटी कोतवाली में पदस्थ उप निरीक्षक अजय कुमार सिंह पर प्रकरण दबाने के नाम पर 10 हजार रुपए रिश्वत लेने के गंभीर आरोप लगे हैं। सोशल मीडिया पर दो अलग-अलग ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
मामला सामने आते ही पुलिस अधीक्षक नीरज चंद्राकर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया है।
वायरल ऑडियो से खुलासा
पहले ऑडियो में प्रार्थी उप निरीक्षक से 10 हजार रुपए लेने और काम न होने की बात करता सुनाई देता है। वहीं उप निरीक्षक कथित तौर पर जवाब देते हैं कि पैसा उन्हें नहीं मिला, बल्कि डीएसपी द्वारा लिया गया है। बातचीत में केस डायरी और कार्रवाई से जुड़े पहलुओं का भी जिक्र सामने आया है।
दूसरे ऑडियो में प्रार्थी की पत्नी से बातचीत सामने आई है, जिसमें उप निरीक्षक किसी व्यक्ति का फोटो लाने और डीएसपी से मिलवाकर पैसे वापस दिलाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं।
हमले के मामले से जुड़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, यह मामला एक महिला पर हुए हमले से जुड़ा है, जिसमें दो जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगे थे। पीड़ित परिवार का दावा है कि आरोपियों के बजाय उनके खिलाफ ही मामला दर्ज कर दिया गया और केस दबाने के लिए रिश्वत ली गई।
जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी उप पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। उन्हें 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग का सख्त रुख
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल वायरल ऑडियो की सत्यता जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी, लेकिन इस कार्रवाई से विभाग में खलबली मच गई है।