कोयला लदे ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, युवती की मौत; युवक गंभीर
सूरजपुर। जिले के भटगांव थाना क्षेत्र के जरही चौक के पास रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोयला लेकर जा रहे ट्रक ने बाइक सवार युवक और युवती को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवती की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के मुताबिक, युवक और युवती बाइक से जरही चौक के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान कोयला लदे ट्रक की बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
हादसे के बाद लोगों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद जरही चौक पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। युवती की मौत की खबर सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने कोयला परिवहन को लेकर नाराजगी जताते हुए परिवहन का काम बंद करा दिया। इससे इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच कर रही है।